World Athletics Championship : वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में सचिन यादव ने करियर का बेस्ट थ्रो कर चौथा स्थान पाया। उन्होंने नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम से भी लंबा थ्रो फेंका।
World Athletics Championship के फाइनल में भारत के सचिन यादव ने कमाल कर दिया। वह चौथे स्थान पर रहे, लेकिन मैदान में सभी का दिल जीत लिया। सचिन ने नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के ओलंपिक मेडलिस्ट अरशद नदीम से भी लंबा भाला फेंका।
सचिन ने फाइनल में 86.27 मीटर का थ्रो किया। ये उनके करियर का पर्सनल बेस्ट भी रहा। हालांकि, उन्हें मेडल नहीं मिल सका, लेकिन अब उन्हें भारत का नया बाहुबली कहा जा रहा है।
सचिन यादव का प्रदर्शन
- पहला थ्रो – 86.27 मीटर (पर्सनल बेस्ट)
- दूसरा थ्रो – फाउल
- तीसरा थ्रो – 85.71 मीटर
- चौथा थ्रो – 84.90 मीटर
- पांचवां थ्रो – 85.96 मीटर
- आखिरी थ्रो – 80.95 मीटर
सिर्फ पहले ही प्रयास में सचिन ने जोरदार छाप छोड़ी। उनका पर्सनल बेस्ट रिकॉर्ड टूटा और पूरे भारत में उनका नाम छा गया।
कौन हैं सचिन यादव?
सचिन यादव उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने इस साल एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था। अब वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सचिन ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
सचिन पहली बार सुर्खियों में आए जब उन्होंने 73वीं ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 84.21 मीटर का थ्रो किया। तब उन्होंने 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। यह रिकॉर्ड 1994 में सतबीर सिंह के नाम पर था, जिन्होंने 79.88 मीटर भाला फेंका था।

नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम का प्रदर्शन
भारत के स्टार नीरज चोपड़ा इस बार उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। वह फाइनल में 8वें स्थान पर रहे। उनका बेस्ट थ्रो 84.03 मीटर का रहा। नीरज पांच प्रयासों में ही बाहर हो गए।
- पहला थ्रो – 83.65 मीटर
- दूसरा थ्रो – 84.03 मीटर
- तीसरा थ्रो – फाउल
- चौथा थ्रो – 82.86 मीटर
- पांचवां थ्रो – फाउल
वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम सिर्फ चार थ्रो कर पाए। उनका पहला थ्रो 82.73 मीटर और दूसरा 82.75 मीटर रहा। बाकी दो प्रयासों में उन्होंने फाउल किया।

























