4 माह से बंद सामुदायिक शौचालय को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन
- 4 माह से बंद सामुदायिक शौचालय को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन

दुद्धी, सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी क्षेत्र के नगवा गांव में रविवार सुबह सामुदायिक शौचालय के लंबे समय से बंद रहने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीणों ने सामुदायिक शौचालय के सामने विरोध प्रदर्शन कर उसे शीघ्र संचालित कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सामुदायिक शौचालय पिछले लगभग चार माह से बंद पड़ा है, जिसके कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है और कई ग्रामीण खुले में शौच करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय की देखरेख के लिए एक व्यक्ति की नियुक्ति की गई है, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह ठप है। साथ ही गांव में सफाईकर्मियों के नियमित रूप से नहीं आने के कारण साफ-सफाई की स्थिति भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे नाराज होकर उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सामुदायिक शौचालय को जल्द से जल्द चालू कराया जाए ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा का लाभ मिल सके।
इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सामुदायिक शौचालय का सेप्टिक टैंक भर जाने के कारण संचालन में समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही तकनीकी मशीनों की सहायता से टैंक की सफाई कराई जाएगी और शौचालय को पूर्व की भांति संचालित कर दिया जाएगा।
प्रदर्शन में शीतला प्रसाद, पार्वती देवी (पूर्व बीडीसी), डॉ. धनराज सिंह, रंगमतिया देवी (वार्ड सदस्य), सत्य प्रकाश सिंह, राजन, कलावती देवी, राजकुमारी, रामकेश, जितेंद्र कुमार, बिंदु देवी, सुंदरमनिया, सुशीला देवी, चंदा देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
For Feedback - editor@aryavartlive.com
September 8, 2026
September 8, 2026
September 8, 2026
September 3, 2026
September 3, 2026