
दुद्धी / सोनभद्र – सरकारी अस्पताल से सरकारी मोबाइल फोन चोरी की वारदात का दुद्धी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 02 लैपटॉप बरामद किए हैं।आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी,धोखाधड़ी,एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार 16 जुलाई को सरकारी अस्पताल दुद्धी से तीन सरकारी मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।घटना के अनावरण के लिए गठित टीम ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध की पहचान यक्ष ऐप के माध्यम से सुन्द्रेश कुमार उर्फ जादूगर उर्फ बमबम निवासी बीडर के रूप में हुई।इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रजखड़ तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 02 लैपटॉप बरामद किए।बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है।उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में चोरी,धोखाधड़ी,एनडीपीएस तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


























