दुद्धी पुलिस ने स्कार्पियो से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, एक तस्कर गिरफ्तार

दुद्धी (सोनभद्र) अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दुद्धी पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कार्पियो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ रजखड़ घाटी में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान हाथीनाला की ओर से तेज गति से आ रही स्कार्पियो (HR26BM5235) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से वाहन को सीज करते हुए चालक हंसराज कुमार उर्फ विक्की राजपूत (36 वर्ष) निवासी बेनीगढ़, थाना टंडवा, जिला औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 233/2026 के तहत धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में 575 बोतल (180 एमएल) मैजिक मोमेंट, 262 बोतल (180 एमएल) आईकोनिक, 19 बोतल (750 एमएल) सिग्नेचर, 24 बोतल (375 एमएल) सिग्नेचर तथा एक स्कार्पियो वाहन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना पिपरी और थाना दुद्धी में आबकारी अधिनियम के तहत पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहित थाना दुद्धी के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।


























