अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, दो युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

पप्पू यादव संवाददाता
विंधमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे स्थित विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को डायल 112 पीआरबी पुलिसकर्मियों ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरनाकछार निवासी श्याम बिहारी (24) पुत्र लखन और मनीष कुमार (22) पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा बाइक से महुली बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जोरूखाड़ गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे विशाल पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर अवस्था में सड़क किनारे पड़े थे।
इसी दौरान विंढमगंज थाना की ओर जा रही डायल 112 पीआरबी वाहन संख्या UP32 DG 6075 पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर घायल युवकों पर पड़ी। पुलिस टीम ने बिना देर किए दोनों घायलों को अपने वाहन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को भी हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए।
घायलों की मदद करने वाली पीआरबी टीम में कांस्टेबल मनीष कुमार, मनमोहन यादव और चालक विजय यादव शामिल रहे। पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदना की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि सुनसान स्थान पर घायल पड़े युवकों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर पुलिस टीम ने मानवता की मिसाल पेश की।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि जोरूखाड़ के उक्त स्थान पर आए दिन छोटे-बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। कई बार हादसों में लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है। ग्रामीणों ने संबंधित सड़क विभाग से दुर्घटना संभावित स्थान को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय कराने तथा हादसों पर अंकुश लगाने की मांग की है।






