बघाडू में नशे में धुत बाइक चालक ने मां-बेटे को मारी टक्कर, तीन घायल

दुद्धी, सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के बघाडू गांव में सोमवार रात करीब 8.30 बजे विनोद मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में नशे में धुत बाइक चालक ने पैदल जा रही मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे सहित बाइक चालक भी घायल हो गया। तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा देवी (35) अपने पांच वर्षीय पुत्र शिवम तथा मां रूपमन देवी के साथ अमवार पुलिस चौकी शिकायत दर्ज कराने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने पहले शिवम को टक्कर मारी और फिर सीमा देवी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ईएमटी पंकज एवं चालक अजीत ने तीनों घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
घायल सीमा की मां रूपमन देवी निवासी चपकी, थाना बभनी ने बताया कि सीमा का अपने पति वीरचंद के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसके संबंध में शिकायत दर्ज कराने वे अमवार पुलिस चौकी जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
बाइक चालक की पहचान किशुन दयाल (30) पुत्र जैत सिंह गौड़ निवासी बघाडू के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में बाइक चला रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

























