शक्तिनगर (सोनभद्र): पश्चिम बंगाल समेत देश के विभिन्न राज्यों के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन के बाद आज शक्तिनगर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर अपनी खुशी का इजहार किया और जीत का जमकर जश्न मनाया।
जैसे ही टीवी और सोशल मीडिया पर भाजपा की प्रचंड बढ़त और जीत की खबरें पुख्ता हुईं, शक्तिनगर के विभिन्न चौराहों पर कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए। कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ आसमान गुंजा दिया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा नजर आया। जश्न के दौरान स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहगीरों और दुकानदारों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।
शक्तिनगर के भाजपाइयों का कहना है कि यह जीत विकास और राष्ट्रवाद की जीत है, जो आने वाले समय में संगठन को और मजबूती देगी।
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा इकाई के कई प्रमुख नेता और भारी संख्या में युवा समर्थक मौजूद रहे। जश्न का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।


























