दुद्धी क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व नागरिकों ने लगाए पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प

दुद्धी, सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत शनिवार को पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के अनुरूप दुद्धी क्षेत्र में भी विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
नगर पंचायत दुद्धी के वार्ड संख्या-5 स्थित डीसीएफ कॉलोनी में क्रय-विक्रय सहकारी समिति एवं डीसीएफ कार्यालय परिसर में अध्यक्ष आशीष तिवारी, जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम, सभासद सुमित सोनी, वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र तिवारी, अधिवक्ता दिलीप पांडे, चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य लोगों ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इसी क्रम में राजकीय डिग्री कॉलेज, दुद्धी में प्रभारी प्राचार्य राजेश कुमार के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजन चौधरी की उपस्थिति में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
वहीं, नगर पंचायत दुद्धी की नंदन वन वाटिका में वरिष्ठ भाजपा नेता श्रवण सिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य कविता चेरो, वन क्षेत्राधिकारी गर्जन राम एवं वन विभाग की टीम ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बघाडू वन रेंज में वन क्षेत्राधिकारी सरिता गौतम के नेतृत्व में वन क्षेत्र एवं आसपास के गांवों में पौधारोपण अभियान चलाया गया। लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा ग्राम पंचायत दिघुल एवं नगवा में विकास खंड विकास अधिकारी राम विशाल चौरसिया, ग्राम पंचायत अधिकारियों, ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
























