- एसडीएम ट्रांसफर के बाद देर रात तक खुले तहसील कार्यालय की चर्चा, आदेशों को लेकर उठे सवाल

दुद्धी, सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा बड़े पैमाने पर पीसीएस अधिकारियों के तबादले के क्रम में दुद्धी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) का स्थानांतरण रविवार देर रात कर दिया गया। स्थानांतरण सूची जारी होने के बाद सोमवार को तहसील परिसर में पूरे दिन हलचल रही और विभिन्न चर्चाओं का दौर चलता रहा।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा रही कि सोमवार देर रात तक तहसील कार्यालय एवं एसडीएम न्यायालय में फाइलों के निस्तारण और आदेश जारी करने का कार्य चलता रहा। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन तहसील क्षेत्र में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
मंगलवार सुबह भी तहसील परिसर में लोगों के बीच इसी विषय को लेकर चर्चा रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे ही एसडीएम न्यायालय खुला दिखाई दिया और कुछ लोग कंप्यूटर पर आदेश टाइप कराते नजर आए। इसे लेकर लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि जब न्यायालय का निर्धारित समय प्रातः 10 बजे से है, तो कार्यालय निर्धारित समय से पहले किसके निर्देश पर खोला गया।
तहसील तिराहे और परिसर में लोगों के बीच यह भी चर्चा रही कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद देर रात तक फाइलों पर कार्रवाई और अगले दिन सुबह जल्दी कार्यालय खुलने के पीछे क्या कारण रहा। हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई बयान जारी किया गया है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने का इंतजार कर रहे हैं।

























