इनरव्हील क्लब ओबरा की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, सेवा और शिक्षा को बनाया प्राथमिकता
तीन बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा, जरूरतमंदों को छातों का वितरण और पत्रकारों का हुआ सम्मान
ओबरा/सोनभद्र। इनरव्हील क्लब ओबरा के अधिष्ठापन एवं नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रियंका सिंह ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते हुए समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया, जिसमें प्रियंका सिंह को अध्यक्ष, जूली सिंह को सचिव, संगीता सिंह को कोषाध्यक्ष, शर्मिला को संपादक तथा मीनू गोयल को आईएसओ की जिम्मेदारी सौंपी गई। निवर्तमान अध्यक्ष जसकीर्ति तनेजा ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान क्लब ने सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद लोगों को छातों का वितरण किया। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की तीन बेटियों की पूरे शैक्षणिक वर्ष की फीस वहन करने की घोषणा की। इस अवसर पर पत्रकारों को भी सम्मानित कर समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की गई। कोऑर्डिनेटर नीतू सिंह ने कहा कि इनरव्हील क्लब सदैव सेवा और महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करता रहा है तथा नई कार्यकारिणी इस परंपरा को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष जसकीर्ति तनेजा ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मीना लूथरा ने किया, जबकि सुजाता पांडे ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में अनीता यादव, फरीदा खान, मीनू बंसल, रेनू, बेबी, ममता बंसल सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्याएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने की उम्मीद जताई।
रिपोर्ट – कुम्धज चौधरी


























