- *कांवड़ यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी शुरू, प्रमोद कुमार फिर बने महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष!*

*चोपन (सोनभद्र)*। सावन माह में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक जलाभिषेक एवं कांवड़ यात्रा को लेकर सोमवार शाम महादेव सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी सदस्यों ने आगामी आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की तथा सर्वसम्मति से प्रमोद कुमार को एक बार फिर महादेव सेवा समिति का अध्यक्ष चुना।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सावन के दूसरे सोमवार, 9अगस्त को चोपन सोन घाट से डाला स्थित अचलेश्वर धाम तक भव्य जलाभिषेक एवं कांवड़ शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होकर “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा करेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन पिछले 20 वर्षों से लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। चोपन नगर में यह कांवड़ यात्रा अपनी भव्यता, अनुशासन और धार्मिक आस्था के लिए विशेष पहचान बना चुकी है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष आयोजन को पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्यों के सहयोग और शिवभक्तों के आशीर्वाद से यात्रा को नई पहचान दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वागत, पेयजल, चिकित्सा सहायता, यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया और आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का निर्णय लिया।
बैठक में महादेव सेवा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
























