फुटपाथ व्यापारियों पर बेरोजगारी का संकट: तहसील समाधान दिवस मे प्रार्थना पत्र सौंपकर लगाई न्याय की गुहार
-मनोनीत सभासद सुमित सोनी की अगुवाई मे रेहड़ी दुकानदारों ने एसडीएम से लगायी फरियाद
दुद्धी, सोनभद्र।दुद्धी बाजार में लंबे समय से पटरी पर दुकान लगाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले फुटपाथ व्यापारियों के सामने अचानक रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हाल ही में हुई बेदखली की कार्रवाई से नाराज और परेशान दर्जनों व्यापारियों ने एकजुट होकर सोमवार को तहसील समाधान दिवस मे पहुंचकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने अपने जीविकोपार्जन की रक्षा की मांग की है।राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासद सुमित सोनी की अगुवाई मे दर्जनों फुटकर व्यापारियों ने तहसील दिवस मे पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। सभासद सुमित सोनी ने बताया कि दुद्धी नगर पंचायत मे अधिकांश जमीन स्टेट की जमीन हैं जहाँ फुटकर व्यापारी शाम -सुबह दुकान लगाकर अपनी आजीविका चलाते हैं, लेकिन कुछ दिन पहले प्रशासन द्वारा दुकान हटा दिया गया जिससे फुटकर व्यापारियों के सामने रोजी -रोटी का संकट उत्पन्न हो गया हैं।इसलिए छोटे दुकानदारों की आजीविका को देखते हुए अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति प्रदान किया जाना जनहित मे होगा।
प्रशासन की कार्रवाई से ठप हुआ रोजगार-
व्यापारियों का आरोप है कि वे सभी तहसील के सामने रोड से सटे दुद्धी बाजार में फुटपाथ पर अस्थाई दुकानें लगाकर प्रतिदिन अपना व्यवसाय करते थे। लेकिन पिछले दिनों उपजिलाधिकारी (SDM) द्वारा उक्त जगह को पार्किंग स्थल की भूमि बताते हुए वहां अचानक तोड़-फोड़ कर दी गई और सभी छोटे दुकानदारों को जबरन वहां से हटा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद से इन गरीब परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है।
स्थायी समाधान होने तक दुकान लगाने की मांग-
उप जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में व्यापारियों ने मांग की है कि जब तक प्रशासन द्वारा स्थायी दुकानों का निर्माण नहीं करा दिया जाता, तब तक उन्हें उसी पटरी या खाली भूमि पर अस्थाई रूप से दुकान लगाने की अनुमति दी जाए। व्यापारियों का कहना है कि वे कानून व्यवस्था का सम्मान करते हैं और यदि राजस्व विभाग दुकानों का कोई उचित शुल्क या किराया तय करता है, तो वे उसे भी समय पर चुकाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि भविष्य में जब भी प्रशासन द्वारा नए मार्केट या दुकानों का निर्माण कराया जाए, तो इन बेघर हुए फुटपाथ व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएं।
इस मांग पत्र को सौंपने वालों में मुख्य रूप से रुपेश जोहरी, अनवरी बेगम, शमीम अहमद, त्रिलोकी सोनी, शिवनाथ गोस्वामी, जय बिहारी सोनी, दिलीप गोस्वामी और अहमद समेत दुद्धी बाजार के समस्त फुटपाथ व्यापारी शामिल रहे।


























