रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी
दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारो खुर्द गांव के समीप रेलवे ट्रैक किनारे बुधवार सुबह एक अज्ञात लगभग 30 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस एवं रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे झारो खुर्द रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा जाने वाले मार्ग स्थित रेलवे पुल के आगे पोल संख्या दो रेलवे ट्रैक नंबर एक के किनारे ज़ब बकरी चराने गए ग्रामीणों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो झाड़ियों के बीच एक युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस तथा दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को झाड़ियों से बाहर निकलवाकर आसपास के लोगों से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। युवक का चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था और कीड़ों द्वारा अधिकांश हिस्सा नष्ट कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार मृतक ने काले रंग की शर्ट तथा हल्के रंग की जींस पहन रखी थी। घटनास्थल से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ। काफी प्रयास के बावजूद पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


























