- सीओ राजेश कुमार राय को भावभीनी विदाई, नवागत सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने संभाला कार्यभार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी सर्किल के क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार राय के स्थानांतरण के उपरांत मंगलवार की रात्रि 7 बजे दुद्धी पुलिस चौकी परिसर में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने नम आंखों से उन्हें विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि राजेश कुमार राय का कार्यकाल अनुशासन, पारदर्शिता और जनसहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया तथा हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया।
वक्ताओं ने कहा कि करीब एक वर्ष 16 दिन के कार्यकाल में राजेश कुमार राय ने अपने सौम्य स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व, कुशल नेतृत्व और मिलनसार व्यवहार से आमजन के बीच विशेष पहचान बनाई। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ विभिन्न पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वरिष्ठ पत्रकार इब्राहिम खान ने कहा कि राजेश कुमार राय ने सदैव समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ भाईचारे का व्यवहार रखते हुए समस्याओं का समाधान किया। उनके स्थानांतरण से क्षेत्र के लोगों को व्यक्तिगत रूप से दुख है, लेकिन सभी उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना करते हैं।
विदाई समारोह के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गीत ने सभी उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया, जिससे माहौल पूरी तरह भावनात्मक हो गया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक बभनी दीनू यादव, महिला थाना प्रभारी संतु सरोज, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, विंढमगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, चौकी प्रभारी अमित सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष पांडे, कांस्टेबल श्याम जी, शालू सिंह, सविता गुप्ता, मनोज सिंह, संतोष सिंह, पत्रकारगण एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
इनसेट : नवागत सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने संभाला कार्यभार
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी सर्किल के नवागत क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनय प्रभाकर साहनी ने बुधवार को सीओ कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। शासन के निर्देश पर उनका स्थानांतरण प्रतापगढ़ से सोनभद्र हुआ है। वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी साहनी ने पदभार ग्रहण करने के बाद अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, कानून-व्यवस्था एवं अपराध संबंधी जानकारी प्राप्त की।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पीड़ितों और फरियादियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष न्याय दिलाना तथा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध गतिविधियों, तस्करी, भू-माफियाओं और कानून हाथ में लेने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मूल रूप से बस्ती जनपद के निवासी तथा बी.टेक शिक्षित विनय प्रभाकर साहनी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया जाएगा, ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नवागत सीओ के कार्यभार ग्रहण करने पर क्षेत्र के व्यापारियों, समाजसेवियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने उनका स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


























