वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के तहत प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में बच्चो में 500 पौधों का हुआ वितरण,

दुद्धी, सोनभद्र। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान 2026 के अंतर्गत प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल दुद्धी में भव्य पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 500 छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन रहे। उनके साथ पूर्व क्रय-विक्रय समिति सचिव विंध्यवासिनी प्रसाद, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी, उपेन्द्र कुमार तिवारी, अशोक कनौजिया, रमेश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा “संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ते कदम” थीम के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पौधे प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खिल उठे और सभी ने अपने-अपने पौधों को सुरक्षित रखने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी के द्वारा किया गया।

























