सोनभद्र। बीना स्टेडियम के समीप रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को डायल-102 की मदद से संयुक्त अस्पताल डिबुलगंज पहुंचाया। अस्पताल में मृतक की पहचान एनसीएल (NCL) बीना परियोजना में ओवरमैन के पद पर तैनात रमाशंकर मिश्र के रूप में हुई।
रमाशंकर मिश्र (मूल निवासी रीवा, मध्य प्रदेश) वर्तमान में एनसीएल बीना आवासीय परिसर के बी-टाइप 264 में अपने परिवार के साथ रहते थे।
ड्यूटी के लिए निकले थे घर से
मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि रमाशंकर की रविवार को प्रथम पाली में ड्यूटी थी, जिसके लिए वे रात में ही घर से निकले थे। सुबह करीब 4:00 बजे परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली। रमाशंकर अपने पीछे दो मासूम बेटियों—रिद्धि (7 वर्ष) और सिद्धि (5 वर्ष)—को छोड़ गए हैं। इस अचानक हुई घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अनपरा पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
बीना स्टेडियम के पास मिला NCL कर्मी का शव, परिवार में मचा कोहराम; जांच में जुटी पुलिस
On: Sunday, August 23, 2026 1:15 PM





