सोनभद्र: जिले में कानून-व्यवस्था को और सख्त बनाने तथा पुलिसिंग को तेज और प्रभावी करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के मुताबिक 2 क्षेत्राधिकारी 1 निरीक्षक और 1 उपनिरीक्षक सहित कुल 4 पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती की गई है, जबकि गैर जनपद तबादले के बाद 2 निरीक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया है।
विनय प्रभाकर साहनी (क्षेत्राधिकारी, पिपरी): दुद्धी के क्षेत्राधिकारी रहे विनय प्रभाकर साहनी को अब पिपरी का क्षेत्राधिकारी बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में पिपरी, अनपरा और शक्तिनगर थाने आएंगे। इसके साथ ही उन्हें साइबर थाना/साइबर सेल, पुलिस आधुनिकीकरण और सामुदायिक पुलिसिंग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अजय सिंह चौहान (क्षेत्राधिकारी, दुद्धी): पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह चौहान को दुद्धी का नया क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके अधीन दुद्धी, विंढमगंज, म्योरपुर, बभनी और बीजपुर थाने रहेंगे।
स्वतंत्र कुमार सिंह (प्रभारी निरीक्षक, शक्तिनगर): निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह को प्रभारी आईजीआरएस/जनसुनवाई सेल से हटाकर शक्तिनगर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
अतुल कुमार प्रजापति (थानाध्यक्ष, अनपरा): एसपी के पीआरओ रहे उपनिरीक्षक अतुल कुमार प्रजापति को अनपरा थाने की कमान सौंपी गई है।
गैर जनपद स्थानांतरण आदेश के क्रम में निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय (प्रभारी निरीक्षक, शक्तिनगर) और निरीक्षक राजेश जी चौबे (थानाध्यक्ष, अनपरा) को कार्यमुक्त कर दिया गया है।







