सोनभद्र। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों, बैंकिंग फ्रॉड और एटीएम सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों और साइबर टीम के साथ अहम समन्वय बैठक हुई। बैठक में बैंकों और एटीएम की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने तथा संदिग्ध मामलों पर तुरंत एक्शन लेने की रणनीति बनाई गई।
सभी बैंक शाखाओं और एटीएम बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। एटीएम व बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के लगातार चालू रहने और सुरक्षा गार्डों की मुस्तैद तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैंकिंग फ्रॉड और साइबर ठगी से ग्राहकों व संस्थानों को बचाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को देने तथा पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच लगातार बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी। बैठक में साइबर टीम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त कर अपराधियों और साइबर ठगों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
बैंक और एटीएम सुरक्षा पर पुलिस का सख्त अलर्ट: साइबर ठगों पर कसेगा शिकंजा
On: Wednesday, November 25, 2026 1:09 PM







