सोनभद्र-अनपरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ट्रांसपोर्ट के जरिए प्रयागराज भेजा जा रहा करोड़ों का सरिया रास्ते में ही बेच दिए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर पूरा 35.020 टन सरिया बरामद कर लिया है।
प्रार्थी अंकित जायसवाल (मैनेजर, भारत स्टील, भैया स्थान रोड, सूरजपुर, छत्तीसगढ़) ने 31 अक्टूबर 2026 को अनपरा थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 को वेद रोड लाइंस ट्रांसपोर्टर के माध्यम से वाहन संख्या CG04QX-6645 पर 35 टन सरिया लोड कराकर कृष्णा स्टील, मऊआइमा, प्रयागराज के लिए भेजा गया था। लेकिन उक्त सरिया निश्चित समय पर कृष्णा स्टील के पास नहीं पहुंचा।
जब गाड़ी के चालक रियाज उद्दीन से संपर्क किया गया तो वह पहले गाड़ी खराब होने का बहाना बनाता रहा और लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने अपना फोन बंद कर लिया। जब ट्रांसपोर्टर आदेश द्विवेदी और कथित वाहन स्वामी सद्दाम से संपर्क किया गया, तो वे भी इधर-उधर घुमाते रहे और टालमटोल करने लगे। पता लगाने पर यह खुलासा हुआ कि चालक रियाज उद्दीन, सद्दाम और राजा बाबू जायसवाल ने मिलकर इस माल को डिबुलगंज (थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र) में ले जाकर बेच दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के कुशल मार्गदर्शन में अनपरा पुलिस ने 31.10.2026 को थाना अनपरा पर मु.अ.सं.-221/26 धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त रियाज उद्दीन (पुत्र शमशाम अली, निवासी खजुरी, थाना दुद्धी, जिला सोनभद्र, उम्र करीब 25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर ग्राम बेलवादह से कुल *35.020 टन सरिया* बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष भेज दिया गया है।







