चिलचिलाती गर्मी में पानी को तरसे राहगीर और व्यापारी, लायंस क्लब का वाटर कूलर महीनों से पड़ा है खराब

By: टीम ।। आर्यावर्त लाइव

On: Sunday, May 24, 2026 11:44 AM

Follow Us

शक्तिनगर। भीषण और चिलचिलाती गर्मी के इस मौसम में जहाँ एक-एक घूंट पानी के लिए लोग बेहाल हैं, वहीं शक्तिनगर थाना अंतर्गत खड़िया बाजार में लगा एकमात्र वाटर कूलर पिछले कई महीनों से सफेद हाथी बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और यहाँ तक कि रात में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को भी अब पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि खड़िया बाजार में पुलिस बूथ के ठीक बगल में लायंस क्लब की ओर से जनहित में एक वाटर कूलर लगाया गया था। इस वाटर कूलर से बाजार में आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों, स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पानी नसीब होता था। लेकिन देखरेख के अभाव में यह वाटर कूलर महीनों से खराब पड़ा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन व्यापार मंडल समिति समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या से पूरी तरह अपनी नजरें फेर ली हैं। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले नेता आज इस भीषण गर्मी में जनता को पानी जैसी बुनियादी सुविधा दिलाने में भी नाकाम साबित हो रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह वाटर कूलर पुलिस बूथ के ठीक बगल में स्थित है। रात के समय मुस्तैदी से ड्यूटी करने वाले पुलिस विभाग के जवान भी इसी वाटर कूलर का पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते थे। लेकिन अब इसके खराब होने से पुलिसकर्मी भी इस भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान हैं।
खड़िया बाजार के व्यापारियों और स्थानीय जनता ने व्यापार मंडल और स्थानीय प्रशासन से बेहद आक्रोशित लहजे में मांग की है कि इस वाटर कूलर को तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जाए, ताकि इस चिलचिलाती धूप और गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

🏏 T20 वर्ल्ड कप लाइव स्कोर
रन, ओवर, विकेट और स्कोरकार्ड देखें
👉 LIVE SCORE देखें
For Feedback - editor@aryavartlive.com

Related News

Leave a Comment

🔥 Convert Image
for Discover