दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी विकास खंड कार्यालय में गुरुवार को नवागत खंड विकास अधिकारी डॉ. जितेंद्र नाथ दुबे का सफाई कर्मियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सफाई कर्मियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया तथा क्षेत्र के विकास एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सफाई कर्मियों ने विश्वास दिलाया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ. जितेंद्र नाथ दुबे ने सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए पूरी तन्मयता एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके अधिकारों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक प्रशासन सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जयप्रकाश (अध्यक्ष), अजय कुमार ओझा (महामंत्री), शंभूनाथ (कोषाध्यक्ष), विनोद पासवान, उमेश शर्मा, राजेश कन्नौजिया, सुनील कुमार, नरेश चन्द्र सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।


























