शक्तिनगर/स्थानीय क्षेत्र के खड़िया बाजार स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर प्रांगण में प्रारंभ होने वाली श्रीराम कथा से पूर्व शुक्रवार सुबह 11 बजे एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल होने के लिए सुबह से ही क्षेत्र के श्रद्धालुओं और भक्तगणों का तांता लगा रहा। विधिविधान पूर्वक पूजन-अर्चन के उपरांत मुख्य यजमान शिव कुमार सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने कलश यात्रा में भाग लिया। इस दौरान पूरा खड़िया बाजार राम धुन की गूंज और जयकारों से भक्तिमय हो उठा, जिसमें भक्तगण पूरी तरह मनमुग्ध नजर आए।
- कलश यात्रा के पश्चात शुक्रवार को शाम चार बजे से मंदिर प्रांगण में श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें कथा का श्रवण करने के लिए बहुसंख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजकों ने बताया कि प्रख्यात कथा वाचक पंडित दिलीप महाराज जी के मुखारविंद से कथा का रसपान कराया जा रहा है। यह कथा आज यानी 18 सितंबर से 24 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक चलेगी। इसके पश्चात आगामी 25 सितंबर को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई है।







