सोनभद्र। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पन्नूगंज पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात और बड़ी मात्रा में कॉपर का तार बरामद किया है।
थाना क्षेत्र के तेलाड़ी गांव की रहने वाली जिरवंती पत्नी योगेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर दो जोड़ी पायल, एक सोने का लॉकेट और दो सौ रुपये चुरा लिए। इस मामले में थाना पन्नूगंज में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा, जियो टावर के टेक्निशियन दीपक कुमार मौर्य (निवासी एलाही) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा जियो टावर का कॉपर का तार काटकर चोरी कर लिया गया है। इस शिकायत पर भी पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पहली घटना में संलिप्त अभियुक्त दीपक कुमार (पुत्र बबुनदर, निवासी पन्नूगंज) को तेलाड़ी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी के दौरान चोरी की गई दोनों जोड़ी पायल और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया गया।
वहीं, दूसरी घटना में पुलिस ने सिकड़हवा पुल (भुसौलिया) के पास से दो अन्य अभियुक्तों—मनीष कुमार और प्रह्लाद गुप्ता—को दबोचा। ये दोनों आरोपी चोरी किए गए कॉपर के तार की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। इनके पास से करीब दो किलो नौ सौ ग्राम कॉपर का तार बरामद किया गया है।
आरोपी 1. दीपक कुमार पुत्र बबुनदर, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी पन्नूगंज, सोनभद्र 2.मनीष कुमार पुत्र महेंद्र, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी डुमरिया, थाना रामपुर बरकोनिया, सोनभद्र 3. प्रह्लाद गुप्ता पुत्र मोहन लाल गुप्ता, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी ब्लॉक रोड रामगढ़, पन्नूगंज, सोनभद्र है पुलिस ने आरोपियों के खलाफ सुसंगत धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है आरोपियों के पास से चोरी के सामान भी बरामद कर लिया है।







