शक्तिनगर। सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना क्षेत्र के बीना परियोजना से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एनसीएल के सीनियर ओवरमैन की संदिग्ध मौत कोई आम सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी खौफनाक साजिश थी! मृतक के पिता ने अपनी ही बहू और उसके प्रेमी पर गला घोंट या पीटकर हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए शव को सड़क किनारे फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने भी इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। 40 वर्षीय रमाकांत मिश्रा पुत्र रामयश मिश्रा, जो एनसीएल बिना परियोजना में सीनियर ओवरमैन के पद पर तैनात थे और आवासीय परिसर बी-264 में रहते थे। 22 अगस्त को रमाकांत मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कॉलोनी की सड़क के किनारे मिला था। मृतक के पिता रामयश मिश्रा ने शक्तिनगर थाने में तहरीर देकर जो खुलासे किए हैं, उन्होंने सबको सन्न कर दिया है।
पिता के अनुसार, घटना से पहले 22 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे रमाकांत ने उन्हें फोन किया था। उस दौरान वह बेहद दुखी और परेशान था। मृतक ने फोन पर बताया था कि उसकी पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान नाम के शख्स के साथ अवैध संबंध है। विकास का घर आना-जाना था और उसके साथ कुछ अन्य संदिग्ध लड़के भी रहते थे। बातचीत में रमाकांत ने किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई थी, और ठीक एक दिन बाद यानी 23 अगस्त को उनकी मौत की खबर सामने आ गई। पिता का आरोप है कि पत्नी प्रियंका मिश्रा और उसके प्रेमी विकास चौहान ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर के अंदर ही इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद सच्चाई छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए शव को उठाकर सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला एक ‘सड़क दुर्घटना का लगे। शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि मृतक के पिता रामयश मिश्रा की तहरीर पर आरोपी पत्नी प्रियंका मिश्रा, प्रेमी विकास चौहान और अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए जगह-जगह दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस अंधे कत्ल और पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।







