प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया खुलासा, 3 अभियुक्त गिरफ्तार

By: टीम ।। आर्यावर्त लाइव

On: Tuesday, August 18, 2026 1:37 PM

Follow Us

 

रामपुर बरकोनिया (सोनभद्र)। सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का एफआईआर दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी समेत 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों के कब्जे/निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 15/16 अगस्त 2026 की रात्रि ग्राम सिलथम (थाना रामपुर बरकोनिया) निवासी भारतदीप दुलारे राम कुंजुर (उम्र करीब 19 वर्ष) अचानक गायब हो गया था। बाद में उसका शव कसरहिया नदी पुल के नीचे पानी में तैरता मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने पर 17 अगस्त 2026 को थाना रामपुर बरकोनिया पर परिजनों की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-76/2026 (धारा 3(5), 103(1), 351(3) BNS) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ऋषभ रूणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस व सर्विलांस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया कि मृतक का पूर्व में एक लड़की से प्रेम प्रसंग था, लेकिन बाद में उक्त लड़की अभियुक्त शुभम पासवान से बातचीत करने लगी थी। इसी बात को लेकर मृतक एवं अभियुक्त शुभम के बीच विवाद और रंजिश चल रही थी, जिसको लेकर शुभम ने पूर्व में मृतक को धमकी भी दी थी। 15/16 अगस्त की रात मृतक उक्त लड़की से मिलने गया था, जिसकी सूचना लड़की ने शुभम को दे दी। सूचना मिलते ही शुभम अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा। तीनों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की और गला दबाकर तथा पानी में डुबोकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। 17 अगस्त 2026 की रात करीब 22:40 बजे पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से बाहर भागने की फिराक में हैं। रामपुर बरकोनिया पुलिस ने हसुआ नदी पुल (ग्राम करवनिया) के पास घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम- शुभम कुमार पासवान (19 वर्ष) पुत्र दीनानाथ पासवान, संदीप कुमार उर्फ छोटू (26 वर्ष) पुत्र सुग्रीव बिन्द, आत्मानन्द उर्फ लप्पू गौतम (21 वर्ष) पुत्र दुखन्ती। घटना में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल, 1 मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

🏏 T20 वर्ल्ड कप लाइव स्कोर
रन, ओवर, विकेट और स्कोरकार्ड देखें
👉 LIVE SCORE देखें

For Feedback - editor@aryavartlive.com

Leave a Comment

🔥 Convert Image
for Discover