सोनभद्र / सिंगरौली: शक्तिनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनसीएल खड़िया परियोजना में कार्यरत एलएंडटी (L&T) कंपनी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ ड्यूटी के दौरान हुए एक हादसे में 25 वर्षीय युवा टैक्नीशियन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के पिपरा झापी निवासी सचिन कुमार साकेत (पुत्र राम सजीवन साकेत) खड़िया परियोजना में बतौर टैक्नीशियन कार्यरत हैं। कार्य के दौरान अचानक हुए हादसे में वह गंभीर रूप से चोटिल हो गए। 
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को नजदीकी संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उनका पैर पूरी तरह फ्रैक्चर बताया है। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
इस दुर्घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि एलएनटी जैसी बड़ी कंपनियों में सुरक्षा मानकों (सेफ्टी) की अनदेखी के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सवाल यह है कि यदि कार्यस्थल पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम होते, तो क्या इस अनहोनी से बचा जा सकता था।







