शक्तिनगर जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस द्वारा लगातार समाज-विरोधी तत्वों पर सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जनपद सोनभद्र के आदेश के अनुपालन में थाना शक्तिनगर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए गुण्डा एक्ट के तहत निरुद्ध रवि रावण (पुत्र संजय कुमार, निवासी निमियाटाड़ बस्ती, थाना शक्तिनगर) को आगामी 6 महीने की अवधि के लिए जिला बदर कर दिया है।
शक्तिनगर थाना पुलिस ने प्रशासनिक आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अभियुक्त रवि रावण को जनपद सोनभद्र की सीमा से बाहर खदेड़ दिया और वहीं पर जिला बदर आदेश की आधिकारिक नोटिस तामील कराई। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का माहौल कायम रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
पुलिस द्वारा अभियुक्त को आदेश में निहित सभी दिशा-निर्देशों से भली-भांति अवगत कराते हुए सख्त हिदायत दी गई है। उसे स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि नोटिस तामील की तिथि से अगले 6 माह तक वह जनपद सोनभद्र की भौगोलिक सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। यदि आदेश का उल्लंघन कर अभियुक्त द्वारा जनपद की सीमा में पुनः प्रवेश करने का प्रयास किया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार अत्यंत कठोर विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।







