अपनी ही सरकार के अधिकारियों पर भड़के भाजपा मंडल अध्यक्ष, PWD पर लगाए गंभीर आरोप; DM से की मुकदमे की मांग

By: टीम ।। आर्यावर्त लाइव

On: Sunday, July 26, 2026 3:13 PM

Follow Us

सोनभद्र जिले के शक्तिनगर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भीतर से ही अपनी ही सरकार के प्रशासनिक तंत्र और लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यशैली के खिलाफ भारी आक्रोश फूटा है। भाजपा शक्तिनगर मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार गुप्ता ने अपनी ही सरकार के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोनभद्र के जिलाधिकारी (DM) को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने PWD अधिकारियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि शक्तिनगर-औंड़ी मोड़ स्टेट हाईवे की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। सड़क पर बने बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार (24 जुलाई) को इसी मार्ग पर सड़क के गड्ढे में गिरकर दो स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

मंडल अध्यक्ष ने पत्र में स्पष्ट शब्दों में अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए लिखा “केंद्र और उत्तर प्रदेश दोनों स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के कारण जनता इस सड़क की दुर्दशा को लेकर हम जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के समक्ष लगातार अपनी नाराजगी व्यक्त कर रही है। ऐसी स्थिति में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क के रखरखाव में बरती जा रही लापरवाही अत्यंत चिंताजनक है।

🏏 T20 वर्ल्ड कप लाइव स्कोर
रन, ओवर, विकेट और स्कोरकार्ड देखें
👉 LIVE SCORE देखें

लोक निर्माण विभाग के संबंधित अभियंता अधिशासी अभियंता तथा सड़क अनुरक्षण का कार्य देख रहे ठेकेदार की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाए।
पत्र में सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में इस सड़क की जर्जर स्थिति के कारण किसी भी व्यक्ति की जान जाती है या गंभीर दुर्घटना होती है, तो संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अपनी ही पार्टी के मंडल अध्यक्ष द्वारा अपनी सरकार के PWD विभाग और ठेकेदारों के खिलाफ उठाए गए इस कड़े कदम के बाद सोनभद्र के प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

For Feedback - editor@aryavartlive.com

Leave a Comment

🔥 Convert Image
for Discover