भगवान परशुराम के जयकारों से गूंजा ओबरा, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
ओबरा (सोनभद्र)। भगवान श्री गणेश, मां शारदा एवं भगवान श्री परशुराम की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए आयोजित त्रिदिवसीय अनुष्ठान के प्रथम दिन रविवार को ओबरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्री राम मंदिर परिसर से ब्राह्मण समाज कार्यालय तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान परशुराम के जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा नगर गूंज उठा। काशी से पधारे आचार्य सत्यम चौबे, डॉ. हरकेश तिवारी, पं. शिवम पाण्डेय, पं. राजेश दुबे एवं पं. शिवम चौबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यजमान ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. नंदलाल पांडेय एवं उनकी पत्नी सूर्यमणि से विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कराया। कलश यात्रा में माताओं, बहनों और बेटियों ने चिलचिलाती धूप के बावजूद नंगे पांव चलकर श्रद्धा और आस्था का परिचय दिया। कार्यक्रम में सचिव देवानंद मिश्र, अवधेश सिंह, राकेश मिश्र, रमेश सिंह यादव, रवि प्रकाश चौबे, सत्यप्रताप सिंह, डॉ. ए.के. पांडेय, पुष्पराज पांडेय, संजीत चौबे, धुरंधर शर्मा, प्रमोद शुक्ल, कृष्ण मोहन तिवारी, महेश पाण्डेय, संतोष पांडेय, गीतांजलि चौबे, ऊषा शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शनि महाराज का ब्राह्मण समाज द्वारा अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया ।प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत 23 जून को शाम 5 बजे ब्राह्मण समाज कार्यालय से भगवान श्री गणेश, मां शारदा एवं भगवान श्री परशुराम की मूर्तियों का भव्य नगर भ्रमण निकाला जाएगा। यात्रा मां शारदा मंदिर बिल्ली, श्री ॐ सदाशिव महादेव मंदिर श्रीराम नगर, श्री करुणेश्वर मंदिर सेक्टर-9, श्री गायत्री मंदिर वीआईपी रोड, श्री गीता मंदिर सेक्टर-8, श्री राम मंदिर मुख्य बाजार, श्री हनुमान मंदिर नेताजी चौक तथा मां शीतला मंदिर होते हुए पुनः ब्राह्मण समाज कार्यालय पहुंचेगी।
रिपोर्ट- कुम्धज चौधरी

























