शक्तिनगर। उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती औद्योगिक क्षेत्र सोनभद्र में अपराधियों और कोयलांचल की सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले चोरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा जनपद में अपराध एवं अपराधियों के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, शक्तिनगर पुलिस और नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सुरक्षाकर्मियों ने एक संयुक्त ऑपरेशन में खदान क्षेत्र से लाखों रुपये की भारी-भरकम केबल चोरी करने वाले 4 शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी के निर्देशन एवं शक्तिनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में अंजाम दी गई। रोजाना की तरह आज भी शक्तिनगर पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं व वाहनों की चेकिंग और लंबित विवेचनाओं के क्रम में गश्त पर थी। उसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि एनसीएल दुद्धिचुआ परियोजना के प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में कुछ चोर सरकारी संपत्ति पार करने की फिराक में हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप-निरीक्षक सदाशिव राय, उप-निरीक्षक रामबचन सिंह यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार भारती, कांस्टेबल अमृतलाल और कांस्टेबल पंकज कुमार की टीम ने एनसीएल के सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर एनसीएल दुद्धिचुआ 14 नम्बर सावेल के पास रणनीतिक घेराबंदी की। दोपहर करीब 2:51 बजे पुलिस टीम ने मौके से चार संदिग्धों को दबोच लिया, जो भागने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस टीम ने जब मौके की जामा तलाशी ली, तो अभियुक्तों के पास से चोरी की 2 टुकड़ा भारी औद्योगिक केबल बरामद हुई, जिसे वे खदान से काटकर ले जा रहे थे। इस बड़ी चोरी के संबंध में शक्तिनगर थाने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या (मु0अ0सं0) 123/2026, धारा- 303(2), 329(3), 317(2), और 3(5) BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत कड़ा मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पकड़े गए चारों आरोपी मूल रूप से पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं, जो वर्तमान में शक्तिनगर के अंबेडकरनगर इलाके में ठिकाना बनाकर रह रहे थे और क्षेत्र में रेकी कर चोरियों को अंजाम देते थे: आरोपियों के नाम एवं हालपता
1. विशाल अगरिया उम्र 28 वर्ष – पुत्र भुलई अगरिया, निवासी: ग्राम गुडबहरा, थाना सरई, जिला सिंगरौली म.प्र. 2.शिवराज उम्र 30 वर्ष – पुत्र सूर्यपाल सिंह, निवासी: ग्राम धुक्कड़, थाना कुशमी, जिला सीधी म.प्र. 3.अरबिन्द कुमार साकेत उम्र 22 वर्ष – पुत्र रामजनम साकेत, निवासी: ग्राम सुगारी, थाना माडा, जिला सिंगरौली म.प्र. 4. सीताराम उम्र 32 वर्ष – पुत्र वन्शवन, निवासी: ग्राम सुहिरा, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली (म.प्र.) उपरोक्त सभी का हाल पता: अम्बेडकरनगर, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र। इस कार्यवाही से कबाड़ियों और चोरों के पूरे सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।


























