रजखड़ में नवनिर्मित गौशाला का भव्य शुभारंभ, गो-पूजन एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ उद्घाटन समारोह

By: टीम ।। आर्यावर्त लाइव

On: Wednesday, July 8, 2026 4:58 PM

Follow Us

दुद्धी, सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी के ग्राम पंचायत रजखड़ में बुधवार को प्रकृति संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में नवनिर्मित गौशाला का भव्य शुभारंभ एवं उद्घाटन समारोह श्रद्धा, आस्था और धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ गो-पूजन कर किया गया। इसके उपरांत सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने गौ-संरक्षण एवं गौ-पालन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गौशालाएं केवल निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण का केंद्र नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और मानवीय संवेदनाओं की जीवंत पहचान भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित गौ-संरक्षण योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ निराश्रित गोवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित करना है।

🏏 T20 वर्ल्ड कप लाइव स्कोर
रन, ओवर, विकेट और स्कोरकार्ड देखें
👉 LIVE SCORE देखें

उन्होंने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई किसान अपनी खेती से प्राप्त धान अथवा गेहूं का भूसा गौशाला को उपलब्ध कराना चाहता है, तो उसे सरकार द्वारा निर्धारित दर पर उसका भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यदि कोई इच्छुक किसान गौशाला से गोवंश को अपने घर ले जाकर उसका पालन-पोषण करना चाहता है, तो वह शासन के निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के तहत ऐसा कर सकता है। ऐसे पात्र किसानों को प्रति गोवंश ₹1500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।

डॉ. मिश्रा ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास ऐसा पशु है जिसकी उचित देखभाल वह किसी कारणवश नहीं कर पा रहा है, तो वह उसे गौशाला में सुपुर्द कर सकता है, जहां उसकी समुचित सेवा, देखभाल और संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों से गौ-सेवा को सामाजिक दायित्व मानते हुए इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बृजेश कुशवाहा, पूर्व प्रधान विंध्याचल प्रसाद, सुरेंद्र सोनी, बीना सोनी, सदानंद सोनी, सुशीला सोनी, नेहा सोनी, तारा सोनी, उप पशु चिकित्सा अधिकारी रुद्रेश यादव, पशुधन प्रसार अधिकारी हिमांशु गौड़ सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह एवं धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने गौ-संरक्षण, गौ-सेवा तथा गौशाला के सुचारु संचालन में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया। अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया और गौशाला के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

For Feedback - editor@aryavartlive.com

Related News

September 20, 2026

September 18, 2026

September 18, 2026

September 16, 2026

September 3, 2026

September 2, 2026

Leave a Comment

🔥 Convert Image
for Discover